रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में घर में काम करने वाली नौकरानी द्वारा लाखों रुपए की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली है।
यह भी पढ़े :- B.Tech डिग्रीधारी निकला शातिर चोर: रायपुर में 13 बाइक चोरी करने वाला राहुल वर्मा गिरफ्तार
प्रार्थी देवाशीष गुरु ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह देवपुरी स्थित डॉल्फिन ज्वेल में परिवार के साथ रहते हैं और फरवरी 2026 से प्रिया ढीढी (19), निवासी ग्राम भोरिंग, जिला महासमुंद को घरेलू काम के लिए रखा था।
घर खाली देख दिया वारदात को अंजाम
21 अप्रैल की शाम जब प्रार्थी एक शादी में बेमेतरा गए थे और उनकी पत्नी व बच्ची शंकर नगर गई हुई थीं, तब घर में प्रिया ढीढी अकेली थी। इसी दौरान उसने बेडरूम की आलमारी से लॉकर सहित 2.5 लाख रुपए नकद चोरी कर फरार हो गई।
CCTV फुटेज बना सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की।
घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगालने पर आरोपी महिला को लॉकर ले जाते हुए देखा गया, जिसके बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई।
तकनीकी जांच से पकड़ाई आरोपी
पुलिस ने मुखबिर और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि वह लॉकर खोलने की कोशिश कर रही थी, लेकिन सफल नहीं हो पाई।
पूरी रकम और लॉकर बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2,50,000 रुपए नगद और लॉकर जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 160/26 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



