दंतेवाड़ा। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने मां दंतेश्वरी विमानतल पर मीडिया से बातचीत करते हुए बच्चों में खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि 50 खेल मैदानों के माध्यम से करीब 5 हजार बच्चों को खेल का अवसर उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
यह भी पढ़े :- खड़गे के बयान पर सियासी घमासान, डिप्टी सीएम साव का पलटवार
तेंदुलकर ने कहा कि इन मैदानों के जरिए बड़ी संख्या में बच्चों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में शामिल होने का मौका मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं इन मैदानों का निरीक्षण करेंगे और बच्चों के साथ खेलकर उनका उत्साहवर्धन करेंगे।
उन्होंने कहा कि बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास खेलों के जरिए बेहतर तरीके से संभव है। इस दौरान उन्होंने खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे पारंपरिक खेलों की सराहना करते हुए कहा कि ये खेल न केवल हमारी संस्कृति का हिस्सा हैं, बल्कि बच्चों में टीम भावना, अनुशासन और फिटनेस विकसित करने में भी सहायक हैं।
खेल मैदानों से बढ़ेगी भागीदारी
तेंदुलकर ने कहा कि प्रस्तावित 50 खेल मैदान बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बच्चों को समान अवसर मिलेंगे और वे मोबाइल व गैजेट्स से दूर रहकर खेलों की ओर आकर्षित होंगे। यह पहल उभरती खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगी।
पारंपरिक खेलों पर विशेष जोर
उन्होंने स्थानीय प्रशासन से पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने का आग्रह करते हुए कहा कि इन खेलों के माध्यम से बच्चों का अपनी जड़ों से जुड़ाव मजबूत होता है। साथ ही यह उन्हें शारीरिक रूप से सुदृढ़ और मानसिक रूप से सक्रिय बनाता है।



