रायपुर। राजधानी रायपुर में वन विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जीवित पैंगोलिन (स्थानीय नाम: साल-खपरी) बरामद किया है। इस दुर्लभ वन्यजीव का वजन लगभग 20 किलो बताया जा रहा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए आंकी जाती है।
यह भी पढ़े :- अवैध ईंट भट्ठे पर बड़ी कार्रवाई, लाखों की सामग्री जब्त
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई के लिए टीम ने करीब एक सप्ताह तक लगातार निगरानी और प्रयास किए। इसके बाद दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।

हिरासत में लिए गए संदिग्धों की पहचान प्यारेलाल गोपचे और गोखन हलदार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बालाघाट और कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर तहसील क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
वन विभाग ने बताया कि पैंगोलिन एक संरक्षित और अत्यंत दुर्लभ प्रजाति है, जिसकी अवैध तस्करी कानूनन गंभीर अपराध है। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।



