राजनांदगांव। जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम माहुलझोपड़ी में संचालित अवैध ईंट भट्ठे पर बड़ी कार्रवाई की।
यह भी पढ़े :- महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासी जंग तेज, सोशल मीडिया पर कार्टून शेयर कर BJP का हमला
जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान पाया गया कि ग्राम माहुलझोपड़ी में दुर्गा बाई की भूमि पर दाऊ लाल द्वारा बिना किसी वैध अनुमति और दस्तावेज के अवैध रूप से ईंट निर्माण किया जा रहा था। सूचना मिलने पर संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
टीम ने मौके से लगभग 3 लाख 20 हजार पक्की ईंटें, 1 लाख 60 हजार कच्ची ईंटें, 70 ट्रॉली मिट्टी और 6 ट्रॉली लकड़ी जब्त की। जब्त की गई लकड़ी को वन विभाग को सुरक्षित रखने के लिए सौंप दिया गया है, जबकि अन्य सामग्री को अग्रिम कार्रवाई तक ग्राम पंचायत गिरगांव के सुपुर्द किया गया है।
इस कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार चिराग रामटेके, रेंजर आकाश ठाकुर सहित राजस्व और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और निर्माण गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



