महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोमाखान थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 47.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 23.65 लाख रुपये है।
कार्रवाई के दौरान ट्रक, कार, मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 59.51 लाख रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक ट्रक के जरिए गांजे की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर कोमाखान क्षेत्र में नाकेबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान चालक सीट के नीचे बनाए गए विशेष चेंबर और प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह खेप ओडिशा के कालाहांडी से लाई गई थी, जिसे छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में खपाने की योजना थी। जांच में इस नेटवर्क के तार ओडिशा के बलांगीर जिले से जुड़े पाए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद मिराज और रोहित पोंड (बलांगीर, ओडिशा) तथा दीपक साहू (मुंगेली, छत्तीसगढ़) शामिल हैं।
महासमुंद पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों में जिले में 74 मामलों में 5685 किलो से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है और 192 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन, फाइनेंशियल लिंक और अन्य कनेक्शनों की गहन जांच में जुटी हुई है।



