रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली दौरे को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से बड़े विकास संकेत सामने आए हैं। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बस्तर के समग्र विकास का ब्लूप्रिंट सौंपा है, जिससे आने वाले समय में छत्तीसगढ़, खासकर बस्तर क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़े :- खड़गे पर टिप्पणी को लेकर रायपुर में कांग्रेस का विरोध, पुतला दहन के दौरान पुलिस से झूमाझटकी
मंत्री कश्यप ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों के चलते प्रधानमंत्री की मंशा को आगे बढ़ाने में मदद मिली है और भाजपा सरकार बस्तर जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम करेगी।
भूजल स्तर में लगातार गिरावट पर चिंता जताते हुए कश्यप ने कहा कि अत्यधिक दोहन के कारण जलस्तर कम हो रहा है। इसे नियंत्रित करने के लिए सरकार प्रयास कर रही है और कई क्षेत्रों में गर्मी की फसल के दौरान भूजल उपयोग पर पाबंदी भी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि इस पहल में किसानों का भी सहयोग मिल रहा है।
कांग्रेस की प्रस्तावित बैठकों पर प्रतिक्रिया देते हुए कश्यप ने कहा कि पार्टी को पहले अपने आंतरिक विवादों से निपटना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह भी बताना चाहिए कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उसने आम जनता के लिए क्या ठोस योजनाएं बनाई।
वहीं नक्सलमुक्त गांवों को एक करोड़ रुपए देने की योजना पर उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर इसकी घोषणा की गई है और जो गांव खुद को नक्सल मुक्त घोषित करेंगे, उन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा। कश्यप ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बस्तर संभाग प्रदेश का सबसे समृद्ध क्षेत्र बनकर उभरेगा।



