बिलासपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए एक पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की है। वर्दी में डांस करते नजर आए पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है।
यह भी पढ़े :- CM साय के दिल्ली दौरे पर मंत्री कश्यप का बयान: बस्तर के विकास को मिलेगा नया गति
मामला क्या है?
जानकारी के मुताबिक, मस्तूरी थाना में पदस्थ एक पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में वह वर्दी पहनकर गाने पर डांस करते दिखाई दे रहा था। इसे विभाग ने अनुशासनहीनता और वर्दी के दुरुपयोग के रूप में लिया है। वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों ने भी इस पर नाराजगी जताते हुए पुलिस की छवि पर सवाल उठाए।

एसएसपी ने लिया तत्काल संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मी को मस्तूरी थाना से हटाकर रक्षित केंद्र, बिलासपुर में अटैच कर दिया है। इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है।
वर्दी की गरिमा सर्वोपरि
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्दी की गरिमा बनाए रखना हर पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या अशोभनीय आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने भविष्य में भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



