रायपुर/मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों सत्ताधारी दल के भीतर खींचतान को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की नाराजगी पर तंज कसते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का बचाव किया है।
यह भी पढ़े :- दिल दहला देने वाली घटना : ट्रेन की चपेट में आने से युवती की हुई दर्दनाक मौत, रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत मिली लाश
मनेंद्रगढ़ स्थित बिसाहू दास महंत पार्क में मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. महंत ने कहा कि श्याम बिहारी जायसवाल उनके क्षेत्र के मंत्री हैं और वे अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि “अगर कोई उनकी बुराई कर रहा है, तो समझ लीजिए कि वे उनसे जलते हैं।”
दरअसल, हाल ही में लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल के क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए थे। इसे भाजपा सरकार के भीतर असहमति के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
डॉ. महंत के इस बयान को सत्ताधारी दल की अंदरूनी खींचतान पर विपक्ष के हमले के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के बयान न केवल सरकार के भीतर चल रही असहजता को उजागर करते हैं, बल्कि विपक्ष को भी सियासी हमला करने का मौका देते हैं।



