राजनांदगांव। ट्रेनों में किन्नरों द्वारा यात्रियों से पैसे मांगने की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं, जिससे कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है। इसी बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां महिलाओं का एक समूह किन्नर बनकर यात्रियों से जबरन वसूली कर रहा था।
यह भी पढ़े :- रायगढ़ में संगठित गैंग का पर्दाफाश: मोबाइल शॉप चोरी और बैंक लूट की साजिश में 6 आरोपी गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे हेल्पलाइन 139 पर मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को सूचना प्राप्त हुई कि ट्रेन संख्या 22846 में कुछ लोग किन्नर बनकर यात्रियों से पैसे मांग रहे हैं और उन्हें परेशान कर रहे हैं। सूचना मिलते ही निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने संबंधित कोचों में तत्काल जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान कुछ महिलाएं किन्नर का रूप धारण कर यात्रियों से जबरन पैसे मांगते और अभद्र व्यवहार करते हुए पाई गईं। आरपीएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुल 7 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। सभी को आरपीएफ पोस्ट राजनांदगांव लाया गया, जहां उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 145 एवं 137 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरपीएफ प्रभारी तरुणा साहू ने बताया कि इस प्रकार की अवैध और अनुचित गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, जबरन वसूली या असुविधा होने पर तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।



