कोरबा। जिले के एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों ने शुक्रवार सुबह प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षक के कथित व्यवहार से नाराज होकर कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन के कारण मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
यह भी पढ़े :- 31 दिसंबर तक पूरी हों जल जीवन मिशन की सभी अधूरी योजनाएं: सीईओ कुमार बिश्वरंजन
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी, स्थानीय तहसीलदार के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि प्राचार्य को हटाने और छात्रावास अधीक्षक के कथित अभद्र व्यवहार के मामले में कलेक्टर से चर्चा होने तक वे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। छात्रों ने अपनी शिकायतों पर उचित कार्रवाई की मांग भी उठाई।
काफी देर तक चली बातचीत के बाद एसडीएम ने छात्रों को उनकी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात फिर से सामान्य हो गया।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



