धमतरी। जिले में हुए चर्चित चावल कारोबारी नीरज साहू हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने मृतक के कारोबारी साथी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कारोबार में प्रतिस्पर्धा और ईर्ष्या के चलते हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
यह भी पढ़े :- अटल प्रतिमा विवाद पर अजय चंद्राकर का बड़ा बयान, पूरे प्रदेश में जांच की मांग
पुलिस के मुताबिक, 22 जुलाई को नारी महानदी पुल के मुख्य मार्ग पर 27 वर्षीय नीरज साहू का रक्तरंजित शव बरामद हुआ था। मृतक के गले और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले थे। घटनास्थल पर उसका बोलेरो पिकअप वाहन भी खड़ा मिला था। सूचना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडे के निर्देशन में कुरूद और मगरलोड थाना पुलिस के साथ साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर संदेह बिरेंद्र कुमार साहू, निवासी सांकरा (मगरलोड) पर गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भी चावल के कारोबार से जुड़ा हुआ है। नीरज साहू का व्यापार तेजी से बढ़ रहा था, जिससे वह लगातार ईर्ष्या महसूस कर रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने सुनसान स्थान पर नीरज को रोककर कैंची और पाना से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए कैंची और पाना भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड का खुलासा तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



