रायगढ़। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया है। मोबाइल दुकान में चोरी और दो बैंकों में लूट के असफल प्रयास में शामिल 5 युवकों और 1 विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से दो चारपहिया वाहन और 60 मोबाइल फोन समेत करीब 26.47 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की गई है।
यह भी पढ़े :- प्रेम में असफलता के बाद पेड़ पर फांसी लगाकर प्रेमी जोड़े ने की आत्महत्या
यह पूरा मामला फरवरी माह में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला स्थित मोबाइल दुकान में हुई चोरी से शुरू हुआ था। इसके बाद 15-16 मार्च को धरमजयगढ़ ग्रामीण बैंक और 16-17 मार्च को जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लूट/चोरी के प्रयास की घटनाएं सामने आईं। लगातार मिलते एक जैसे पैटर्न को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने पत्थलगांव निवासी मोहम्मद अरसलान को पकड़ा, जिसने पूछताछ में पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया। अरसलान को इस गैंग का सरगना बताया जा रहा है, जिसने अपने हमउम्र युवकों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम दिया।
गिरोह पहले दुकानों और बैंकों की रेकी करता था, फिर रात में कार से पहुंचकर चोरी या लूट की कोशिश करता था। कुडुमकेला की मोबाइल दुकान से मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नकदी चोरी कर जंगल में छिपा दिया गया था। वहीं दोनों बैंक वारदातों में आरोपी तिजोरी नहीं तोड़ पाए, लेकिन सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी सिस्टम निकालकर ले गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मारुति सियाज और महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार, 60 मोबाइल और अन्य सामान जब्त किया है। कुल बरामदगी की कीमत 26.47 लाख रुपए आंकी गई है।
पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद अरसलान (पत्थलगांव), करण महंत (रायगढ़), अल्तमस खान, जॉनसन बेक, कवलेश यादव सहित एक नाबालिग शामिल है।



