रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रदेश में बढ़ती ड्रग तस्करी के मुद्दे पर चर्चा के दौरान राजनीतिक तापमान अचानक बढ़ गया। प्रश्नकाल में बहुचर्चित कथित ड्रग पैडलर नव्या मलिक का नाम गूंजते ही सदन में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
सूची से नाम क्यों गायब?
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार से सवाल किया कि ड्रग तस्करी से जुड़े आरोपियों की सूची में नव्या मलिक का नाम क्यों शामिल नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रश्न के लिखित उत्तर में उपलब्ध कराई गई जानकारी में उक्त नाम नहीं है।
भूपेश बघेल ने सदन में कहा, आखिर नव्या मलिक का नाम क्यों छुपाया गया? इसके लिए जिम्मेदार कौन है? क्या इस लापरवाही पर कोई कार्रवाई होगी?” उन्होंने संकेत दिया कि यदि किसी आरोपी का नाम जानबूझकर सूची से हटाया गया है, तो यह अत्यंत गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
मंत्री का जवाब: जांच कराएंगे
मामले पर जवाब देते हुए संबंधित मंत्री ने कहा कि उन्हें तत्काल इस संबंध में कोई विशिष्ट जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी।
सरकार की ओर से कहा गया कि यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



