उत्तर प्रदेश : के मथुरा सड़क हादसा में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मथुरा जिला के थाना मगोर्रा क्षेत्र के नगला दैवीया इलाके के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। कार में सवार चारों युवक गंभीर रूप से फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।
मृतकों में राहुल वर्मा (23), अमित (23) और मोहित (22) की पहचान हो चुकी है। राहुल सिलाई का काम करता था, अमित पढ़ाई कर रहा था और मोहित लॉ का छात्र था। तीनों एक ही इलाके के निवासी थे और शुरुआती जानकारी के मुताबिक इनमें से तीन युवक एक ही परिवार से थे। चौथे युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे की शिकार कार एडवोकेट सज्जन सिंह के नाम पर पंजीकृत है, जो राहुल वर्मा के भाई बताए जा रहे हैं। चारों युवक शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच महावन से किसी कार्यक्रम में शामिल होने निकले थे।
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और कोहराम का माहौल है।



