नई दिल्ली। ICC टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज मुकाबले जारी हैं। सोमवार को पल्लेकेले के मैदान पर मेजबान श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी और सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। ग्रुप-बी के इस अहम मैच में श्रीलंकाई टीम ने कंगारूओं को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया, जबकि ऑस्ट्रेलिया के लिए टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा बढ़ गया।
मैच के हीरो रहे श्रीलंकाई ओपनर पाथुम निसंका। 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए निसंका ने सिर्फ 52 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। अपनी आतिशी पारी में उन्होंने 10 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए। इस शतक के साथ निसंका टी20 विश्व कप इतिहास में शतक लगाने वाले दूसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज बन गए, और अब वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन चुके हैं।
निसंका के अलावा कुसल मेंडिस ने भी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने 38 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और एक छक्का शामिल था। अंत में पवन रत्ननायके ने 15 गेंदों में 28 रन बनाकर श्रीलंका को सिर्फ 18 ओवर में जीत दिला दी।
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 181 रन बनाए। लेकिन यह स्कोर श्रीलंकाई बल्लेबाजों के तूफानी प्रदर्शन के सामने छोटा साबित हुआ। जिम्बाब्वे से पहले मिली हार और अब श्रीलंका से शिकस्त के बाद ऑस्ट्रेलिया एलिमिनेशन की कगार पर खड़ा है। यदि शेष मैचों के परिणाम उनके पक्ष में नहीं गए, तो कंगारू टीम को जल्दी ही टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ सकता है।



