कोंडागांव। जिले के कोकोड़ी स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण प्लांट में देर रात ग्रामीणों ने घुसकर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने प्लांट परिसर में खड़ी कार, ट्रैक्टर समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। शुरुआती अनुमान के मुताबिक घटना में करीब 10 से 20 लाख रुपये तक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की और एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला तरल अपशिष्ट उनके खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। किसानों का कहना है कि वे लंबे समय से शिकायत कर रहे थे, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ती गई। इसी आक्रोश में ग्रामीणों ने प्लांट का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है कि कुछ समय तक ग्रामीणों ने प्लांट को चारों ओर से घेर रखा और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी। एक वाहन चालक को जान बचाने के लिए रातभर जंगल में छिपना पड़ा। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।



