रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर रेंज में पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई हुई है। Winmate ऐप के जरिए फर्जी SMS और हैकिंग लिंक भेजकर एंड्रॉइड यूजर्स से धोखाधड़ी करने वाले दो मुख्य आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है।
मामला थाना विधानसभा में दर्ज अपराध क्रमांक 8/26 से जुड़ा है। शिकायतकर्ता धर्मेंद्र सिंह को RTOechallan नाम से एक SMS आया, जिसमें दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके बैंक खाते से 4.52 लाख रुपये अवैध रूप से निकाल लिए गए। इस शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया।
रेंज साइबर थाने की टीम ने गहन जांच में गुगल, बैंक, यूट्यूब, मोबाइल सेवा प्रदाताओं और टेलीग्राम से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि आरोपियों द्वारा यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर “Task Complete”, “Instant Bonus”, “Referral Bonus” और “गेम खेलकर कमाई” जैसे प्रलोभन देकर Winmate, Wingo जैसे फर्जी ऐप्स का प्रचार किया जाता था।
ये ऐप प्ले स्टोर या ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं होते। इन्हें इंस्टॉल करने पर यूजर को शुरुआत में बोनस राशि दिखाई जाती है, लेकिन इसके बाद उनके फोन से बड़ी संख्या में फर्जी SMS (चालान, बोनस लिंक आदि) भेजे जाते हैं। इन SMS में मौजूद लिंक पर क्लिक करने से फोन हैक हो जाता है और बैंक खाते या ई-वॉलेट से पैसे निकाल लिए जाते हैं।
ठगी की रकम को छिपाने के लिए साइबर ठग Swiggy और Instamart जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से सामान खरीदते थे और उसकी डिलीवरी अलग-अलग राज्यों में करवाते थे।
गिरफ्तार आरोपी:
पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल (20 वर्ष), पुत्र हीराराम, निवासी ग्राम डोलीकला, थाना कल्याणपुर, बाड़मेर, राजस्थान
नरसिंह सिंह (24 वर्ष), पुत्र नैना राम, निवासी भोपालगढ़, जोधपुर, राजस्थान
आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खाते जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी इसी तरह के WinGo ऐप से जुड़े साइबर फ्रॉड में महाराष्ट्र, ओडिशा और उत्तर प्रदेश से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस की सावधानियां और अपील:
किसी भी ऐप को केवल Google Play Store या App Store से ही डाउनलोड करें।
“गारंटीड मुनाफा”, “रोज़ पक्का रिटर्न”, “आसान कमाई” जैसे प्रलोभनों से दूर रहें।
अनावश्यक रूप से SMS, कॉन्टैक्ट, कॉल लॉग या बैंक डिटेल्स की अनुमति मांगने वाले ऐप्स इंस्टॉल न करें।
सोशल मीडिया पर दिखाए जाने वाले फर्जी स्क्रीनशॉट, लाभ या प्रशंसापत्रों पर भरोसा न करें।
किसी अज्ञात लिंक, APK फाइल या कॉल के निर्देशों का पालन न करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 (राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन) पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
रायपुर रेंज पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत साइबर अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



