रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और बढ़ते नदी-नालों के जलस्तर को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति बनती है तो प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत और सहायता पहुंचाई जाए।
यह भी पढ़े :- अजय चंद्राकर का कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘पार्टी की प्रासंगिकता खत्म, दीपक बैज अपनी जमीन बचाने में जुटे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी जिलों में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
अपने एक दिवसीय दिल्ली प्रवास की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वह बुधवार रात दिल्ली रवाना होंगे। इस दौरान विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा से जुड़े मांझी, चालकी और मुड़िया जनजाति के प्रतिनिधिमंडल की राष्ट्रपति मुर्मु से मुलाकात होगी, जिसमें वह भी शामिल रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह आज रायगढ़ दौरे पर भी रहेंगे। दौरे पर रवाना होने से पहले उन्होंने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वह हर वर्ष बनोरा आश्रम जाकर पूज्य बाबा का आशीर्वाद लेते हैं। साथ ही पिछले 30 वर्षों से तपस्या में लीन पूज्य संत नारायण से भी आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।



