बिलासपुर। जिले में एक बार फिर धर्मांतरण से जुड़ा मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के सूर्या विहार इलाके में प्रार्थना सभा की आड़ में अवैध रूप से धर्म परिवर्तन कराए जाने का आरोप लगा है। हिंदू संगठन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक निजी मकान में करीब 16 लोगों को एकत्र कर प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि इस दौरान प्रलोभन और भय का सहारा लेकर हिंदू धर्म के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। मामले की सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सरकंडा थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।
निजी मकान को बनाया गया था प्रार्थना भवन
पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में पाया कि जेम्स सिंह के निजी आवास में बिना किसी अनुमति के प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि निजी मकान को प्रार्थना भवन के रूप में संचालित किया जा रहा था, जो नियमों के खिलाफ है।
हिंदू संगठन ने दी लिखित शिकायत
बजरंग दल बिलासपुर के जिला संयोजक गौरव धनकर ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया कि पैलेस के पीछे स्थित एक आवासीय मकान में जेम्स सिंह द्वारा लोगों को बहला-फुसलाकर और भयभीत कर ईसा मसीह की प्रार्थना कराई जा रही थी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि हिंदू धर्म के लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
सुबह मिली सूचना, पुलिस ने की कार्रवाई
गौरव धनकर के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:30 बजे बजरंग दल कार्यकर्ताओं के माध्यम से सूचना मिली कि राजकिशोर नगर, देवांगन होटल के पास स्थित एक आवासीय मकान में प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही हैं। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
शिकायत के आधार पर सरकंडा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 299, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आयोजकों व मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।



