Raipur Crime / आरंग/रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चरित्र शंका और कथित अवैध संबंध के शक को लेकर हुए विवाद में एक किराएदार ने अपने ही मकान मालिक की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही राखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- Chanakya Niti – चाणक्य ने दी है चेतावनी! सुबह की ये 4 आदतें कर सकती हैं कंगाल, जानें किन गलतियों से बचना चाहिए
क्या है पूरा मामला?
रायपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अभिषेक कुमार झा के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम गनौद निवासी वेद राम साहू (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने हत्या के आरोप में पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (25 वर्ष) को हिरासत में लिया है। आरोपी ग्राम धमनी भाटापारा, वार्ड नंबर-2, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर का रहने वाला बताया गया है। (Raipur Crime)
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब एक से दो वर्षों से वेद राम साहू के मकान में किराए पर रह रहा था और वहीं ऑटो पार्ट्स की दुकान संचालित करता था। इसी दौरान मकान मालिक को अपनी पत्नी और किराएदार पुरुषोत्तम के बीच कथित अवैध संबंध होने का शक हुआ। इस बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
विवाद के बाद गला दबाकर हत्या का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, घटना वाले दिन भी चरित्र शंका को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। कहासुनी बढ़ने के बाद मामला हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गया।
इसी दौरान आरोपी पुरुषोत्तम धीवर ने कथित तौर पर वेद राम साहू का गला दबा दिया। दम घुटने से वेद राम साहू की मौत हो गई। घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
राखी थाना पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब 11:30 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और परिजनों तथा आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू को हिरासत में ले लिया।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के पूरे घटनाक्रम और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। (Raipur Crime)




