नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से आत्मीय भेंट कर उन्हें पदभार ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा एक अजेय संगठनात्मक शक्ति के रूप में और अधिक सशक्त होकर उभरेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नितिन नबीन का सशक्त संगठनात्मक अनुभव, वैचारिक दृढ़ता और कार्यकर्ताओं से गहरा जुड़ाव पार्टी को नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा प्रदान करेगा। उनके नेतृत्व में राष्ट्रसेवा, सुशासन और विकसित भारत का संकल्प और अधिक मजबूत होगा।
छत्तीसगढ़ में संगठन को मिली नई धार
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी के रूप में नितिन नबीन की सटीक रणनीति और संगठनात्मक दक्षता के चलते राज्य में भाजपा संगठन को नई मजबूती मिली। उनके नेतृत्व में वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के कथित कुशासन को निर्णायक रूप से पराजित कर भाजपा ने ऐतिहासिक प्रचंड बहुमत हासिल किया।

उन्होंने बताया कि यही संगठनात्मक मजबूती आगे चलकर लोकसभा चुनाव 2024 और स्थानीय निकाय चुनावों में भी अभूतपूर्व विजय का आधार बनी।
कार्यकर्ता-आधारित नेतृत्व की पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक कार्यकर्ताओं में विश्वास, अनुशासन और कर्तव्यबोध स्थापित करना नितिन नबीन की कार्यशैली की प्रमुख पहचान रही है। इसी कारण भाजपा छत्तीसगढ़ में एक सशक्त और संगठित राजनीतिक शक्ति के रूप में नए आयाम तक पहुँची है।
राष्ट्र निर्माण के नवयुग की मंगलकामना
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नितिन नबीन का अनुभव, ऊर्जा और संगठन कौशल भाजपा को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा और जनसेवा, विकास एवं राष्ट्रनिर्माण की विचारधारा को और अधिक प्रभावी बनाएगा।
अंत में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से भाजपा के इस नवयुग के सफल, यशस्वी और ऐतिहासिक होने की मंगलकामना करते हुए नितिन नबीन को उनके नए दायित्व के लिए पुनः शुभकामनाएँ दीं।



