लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध राजिम कुंभ कल्प की तैयारियों को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। आयोजन में महज 9 दिन शेष रह गए हैं, लेकिन इवेंट एजेंसी द्वारा कार्य की रफ्तार बेहद धीमी बताई जा रही है। तैयारियों की मौजूदा स्थिति को देखकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
यह भी पढ़े :- नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा बनेगी अजेय शक्ति: मुख्यमंत्री साय
स्थल पर बनाए जा रहे महज 8 फीट ऊंचे मंच को देखकर श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक हैरान हैं। लोगों का कहना है कि इतनी कम ऊंचाई का मंच कुंभ कल्प जैसे भव्य आयोजन की गरिमा और विशालता को प्रभावित कर सकता है।
मीना बाजार को लेकर भी असंतोष
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने इस वर्ष भी मीना बाजार का टेंडर लाखों रुपये में दिया है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा। लोगों का कहना है कि टेंडर महंगा होने के कारण झूलों और मनोरंजन साधनों के दरें बढ़ेंगी, जिससे आम श्रद्धालुओं को परेशानी होगी।
प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर वर्ष राजिम कुंभ कल्प को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं समय पर पूरी नहीं हो पातीं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तैयारियों में तेजी लाई जाए और आयोजन की भव्यता से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए।
अब देखना यह होगा कि शेष बचे दिनों में प्रशासन और आयोजन एजेंसी तैयारियों को किस हद तक पूरा कर पाते हैं और श्रद्धालुओं की अपेक्षाओं पर कितना खरा उतरते हैं।



