रायपुर। नए साल के मौके पर राजधानी रायपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने अहम प्रेसवार्ता कर वर्ष 2025 की कानून-व्यवस्था और अपराध के आंकड़े सार्वजनिक किए। एसएसपी ने बताया कि वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में रायपुर जिले में अपराध के मामलों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। पुलिस आंकड़ों के मुताबिक बीते वर्ष की तुलना में करीब 2000 आपराधिक घटनाएं कम हुई हैं, जिसे रायपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
यह भी पढ़े :- सोमनाथ: अटूट आस्था के 1000 वर्ष (1026-2026)
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि यह सफलता पुलिस की सख्त निगरानी, प्रभावी गश्त, तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग और आम जनता के सहयोग से संभव हो पाई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में हत्या, लूट, डकैती और बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों में भी कमी देखने को मिली है। वहीं चोरी, वाहन चोरी और नकबजनी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों के आंकड़े भी घटे हैं।
2025 में अपराध के आंकड़े- जिला पुलिस बल रायपुर के अनुसार
01 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक जिले में कुल 15,885 एफआईआर दर्ज की गईं, जबकि वर्ष 2024 में यह संख्या 17,703 थी। यानी कुल अपराधों में स्पष्ट गिरावट दर्ज हुई है।
हत्या और हत्या के प्रयास
वर्ष 2025 में हत्या के 90 प्रकरण सामने आए, जिनमें से 85 मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस ने 167 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
हत्या के प्रयास के 97 मामलों में से 90 मामलों में कार्रवाई कर 213 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
डकैती, लूट और चोरी में गिरावट
डकैती के 07 मामलों में से 06 मामलों का खुलासा कर 43 आरोपियों को पकड़ा गया।
लूट के मामलों में भी कमी आई—2024 में 73 मामलों के मुकाबले 2025 में 71 मामले दर्ज हुए।
चोरी के मामलों में भी गिरावट रही—2024 में 1497, जबकि 2025 में 1442 मामले सामने आए।
नकबजनी के मामलों में 2024 के 526 मामलों की तुलना में 2025 में 473 मामले दर्ज हुए।
बलवा घटा, धोखाधड़ी बढ़ी
बलवा के मामलों में भी कमी दर्ज की गई—2024 में 87 मामलों की तुलना में 2025 में 82 मामले।
हालांकि धोखाधड़ी के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली। 2024 में 250 मामलों के मुकाबले 2025 में 292 प्रकरण दर्ज किए गए।
नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार
वर्ष 2025 में नारकोटिक एक्ट के तहत 271 मामलों में कार्रवाई करते हुए 445 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 करोड़ 78 लाख 39 हजार 615 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ, वाहन, मोबाइल फोन व अन्य सामग्री जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों में उड़ीसा, बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों के लोग शामिल हैं। इसके अलावा नाइजीरिया के 2 विदेशी नागरिक भी पकड़े गए हैं।
गुंडा-बदमाशों पर शिकंजा
गुंडा और निगरानी बदमाशों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए वर्ष 2025 में जिला दंडाधिकारी के समक्ष 33 प्रतिवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 05 बदमाशों को जिला बदर किया गया।
एसएसपी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे पुलिस के साथ सहयोग बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्ष 2026 में भी रायपुर पुलिस अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए और अधिक प्रभावी कदम उठाएगी।



