लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। जिला पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 किलो गांजा जब्त किया है। इस मामले में मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के रहने वाले 4 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में अरुण सिंह का कांग्रेस पर हमला, कहा– जनहितकारी योजनाओं का विरोध करना कांग्रेस की आदत
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सिल्वर कलर की हुंडई कार (उत्तरप्रदेश पासिंग) के जरिए अवैध गांजा रायपुर की ओर सप्लाई किया जा रहा है। सूचना पर पाण्डुका थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-130 C पर चेक प्वाइंट लगाकर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध कार की तलाशी में भारी मात्रा में गांजे के पैकेट बरामद किए गए।
तस्करों से पूछताछ में पता चला कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर विभिन्न राज्यों में सप्लाई करते हैं। पुलिस ने वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



