दिल्ली। तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश (CJI) बी.आर. गवई पर जूता उछालने वाले वकील राकेश किशोर पर आज मंगलवार को कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में चप्पल से हमला किया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक अन्य वकील राकेश किशोर पर चप्पल से वार करते हुए दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास के लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि अचानक हुए हमले के बाद 71 वर्षीय अधिवक्ता राकेश किशोर खुद को बचाने का प्रयास करते हैं और इस दौरान वह नारे भी लगाते दिखाई देते हैं। वीडियो में हमलावर का चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता।
घटना की पृष्ठभूमि
राकेश किशोर 6 अक्टूबर 2025 को तब सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की कोर्ट नंबर-1 में सुनवाई के दौरान तत्कालीन CJI बी.आर. गवई की ओर जूता फेंकने का प्रयास किया था। मामला मध्यप्रदेश के खजुराहो मंदिर परिसर में भगवान विष्णु की मूर्ति की पुनर्स्थापना से जुड़ी याचिका पर सुनवाई के दौरान उठा था।
घटना के तुरंत बाद राकेश किशोर का बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने अधिवक्ता लाइसेंस निलंबित कर दिया था। हालांकि CJI गवई ने अदालत में निर्देश दिया था कि मामले को “अनदेखा” किया जाए और उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था।
कोर्ट सुरक्षा की भूमिका
कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में मंगलवार को हुई इस घटना के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और राकेश किशोर को बाहर ले जाया गया।
राकेश किशोर ने पहले भी कहा था कि उन्हें अपने कार्य पर कोई पछतावा नहीं है और उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने यह कदम धार्मिक भावनाओं के तहत उठाया।



