रायगढ़। सारंगढ़ के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया कि नशे में धुत पांच दोस्तों ने बिरयानी खाने और नशे का सामान खरीदने के लिए लूट की साजिश रची थी। बस स्टैंड में सो रहे व्यक्ति को निशाना बनाया गया, लेकिन उसके जागकर विरोध करने पर एक नाबालिग ने बटन चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतक की जेब से मिले 700 रुपये आपस में बांट लिए गए।
सोते हुए व्यक्ति को बनाया निशाना
घटना 24 अक्टूबर की बताई जा रही है। सुबह जूटमिल थाने की पुलिस को ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एफएसएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
शव की प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई गई। शरीर पर चोट के निशान मिले थे। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हत्यात्मक सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला मानकर जांच शुरू की।
CCTV ने खोला राज
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान कुछ 15-16 साल के लड़कों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। प्रत्यक्षदर्शियों से मिले हुलिए और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 19 वर्षीय राजेश्वर सारथी उर्फ समारू और चार नाबालिगों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
नशे के लिए करते थे चोरी और लूट
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे का सामान खरीदने के लिए अक्सर कबाड़ चोरी करते थे। इसके अलावा शराब के नशे में रहने वाले लोगों को आसान निशाना बनाकर उनके साथ लूटपाट करते थे।
आरोपियों के निशाने पर खास तौर पर रात में रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे स्थानों पर अकेले आने-जाने वाले लोग रहते थे। इसी दौरान उन्होंने बस स्टैंड में नशे की हालत में सो रहे व्यक्ति को देखा और उसे लूटने की योजना बनाई।
विरोध किया तो चाकू से हमला
आरोपियों के मुताबिक, जब वे व्यक्ति से पैसे निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी वह जाग गया और विरोध करने लगा। इसी दौरान एक नाबालिग ने बटन चाकू से उस पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उसकी जेब से 700 रुपये निकालकर आपस में बांटकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बटन चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




