दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो मैक्स पिकअप से 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। पिकअप के पिछले हिस्से में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबर में रकम छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों को रोककर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी गई है।
यह भी पढ़े :- स्मृति ईरानी का प्रदेश दौरा : मिशन 2028-29 या अनुशासन का हंटर….?
डबरापारा में चेकिंग के दौरान पकड़ी गई पिकअप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान रायपुर से नागपुर की ओर जा रही एक बोलेरो मैक्स पिकअप को जांच के लिए रोका गया। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जिन्होंने अपनी पहचान चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में बताई।
मॉडिफाई किए गए हिस्से में बनाया था गुप्त चैंबर
वाहन की बारीकी से तलाशी लेने पर पुलिस को पिकअप के पिछले हिस्से में बदलाव कर बनाया गया एक विशेष चैंबर मिला। पुलिस ने जब इसे खोलकर जांच की, तो अंदर बड़ी मात्रा में भारतीय मुद्रा छिपाकर रखी हुई मिली। नकदी की गिनती करने पर कुल 4 करोड़ रुपये बरामद हुए।

रकम के स्रोत और परिवहन के उद्देश्य की जांच
पुलिस दोनों व्यक्तियों से बरामद रकम के स्वामित्व, उसके स्रोत और परिवहन के उद्देश्य को लेकर पूछताछ कर रही है। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए वित्तीय लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस विभाग ने रकम के स्रोत और अन्य वित्तीय पहलुओं की विस्तृत जांच के लिए आयकर विभाग को सूचना भेजी है। अब जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि रकम कहां से लाई जा रही थी और उसे नागपुर ले जाने का उद्देश्य क्या था।




