सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर सोरीपारा गांव में जादू-टोना करने का आरोप लगाकर 40 वर्षीय महिला के साथ मारपीट और कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर हुए विवाद के बाद चार महिलाओं ने पीड़िता पर टोनही होने का आरोप लगाया, गाली-गलौज की और उसे निर्वस्त्र कर पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता बाजारो बाई अपने घर की बाड़ी में उड़द तोड़ रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली धनमतिया वहां पहुंची और कथित तौर पर महिला पर टोनही होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ ही देर में धनमतिया की बहू और दो अन्य महिलाएं भी वहां पहुंच गईं।
आरोप है कि चारों महिलाओं ने मिलकर बाजारो बाई के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे निर्वस्त्र कर पेड़ से बांध दिया गया। पीड़िता के साथ कथित तौर पर काफी देर तक मारपीट की गई और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के दौरान आसपास से गुजर रहे ग्रामीणों और पीड़िता के परिजनों ने हस्तक्षेप किया। लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर महिला को आरोपियों के कब्जे से छुड़ाया। मारपीट में उसके सिर, कमर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।
पति की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद पीड़िता के पति ने रामानुजनगर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 76, 127(2), 296, 351(3), 115(2), 3(5) सहित टोनही प्रताड़ना अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और घटना में शामिल चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 19 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस जमीन विवाद और महिला पर लगाए गए जादू-टोने के आरोप समेत घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।




