दुर्ग। जिले के भिलाई स्थित फिजिक्स वाला कोचिंग सेंटर में आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना स्मृति नगर थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित फिजिक्स वाला सेंटर की बताई जा रही है। आग सेंटर के वाटर कूलर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। हालांकि सेंटर प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त कोचिंग सेंटर में बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में मौजूद थे। वाटर कूलर से अचानक धुआं और आग निकलने के बाद सेंटर में मौजूद स्टाफ सतर्क हो गया। कर्मचारियों ने बिना देर किए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया और आग को फैलने से पहले ही बुझा दिया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात
सेंटर हेड तापस चौधरी के मुताबिक, वाटर कूलर में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी थी। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़े नुकसान की स्थिति नहीं बनी। घटना में किसी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सेंटर प्रबंधन के मुताबिक, आग बुझाने के बाद पूरे परिसर को चेक किया गया और स्थिति सामान्य होने पर छात्रों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
फायर सेफ्टी को लेकर पहले से ट्रेनिंग
सेंटर हेड तापस चौधरी ने बताया कि कोचिंग सेंटर के कर्मचारियों को हर महीने फायर सेफ्टी की ट्रेनिंग दी जाती है। इसी प्रशिक्षण के चलते आग लगने की स्थिति में कर्मचारियों ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया और आग को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित कर लिया। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात सामने आई है और घटना के बाद सेंटर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है।




