बीजापुर। जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने पीडिया और कुप्पागुड़ा क्षेत्र के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 14 डंप बरामद किए हैं। इन डंप से हथियार, आईईडी निर्माण सामग्री, डेटोनेटर, वायरलेस सेट और नक्सली वर्दी समेत बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में बी/199 एवं एफ/199 कंपनी तथा यंग प्लाटून के जवानों ने संयुक्त रूप से की। विश्वसनीय सूचना के आधार पर जवानों ने एड्री, हर्रा, नयापारा और सरपंचपारा के जंगलों में चरणबद्ध तरीके से सघन तलाशी अभियान चलाया।
हथियारों समेत 99 प्रकार की सामग्री जब्त
तलाशी के दौरान बरामद सामग्री में एक 303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक देशी 12 बोर रायफल शामिल हैं। इसके अलावा 10 आईईडी, 8 डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, वायरलेस सेट, प्लास्टिक और स्टील कंटेनर समेत आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न इलेक्ट्रिक सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षा बलों ने कुल 99 प्रकार की सामग्री जब्त की है।
पूरे इलाके की घेराबंदी कर जवानों ने बेहद सतर्कता के साथ तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सीआरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिली है।
पेगड़ापल्ली में भी पकड़ा गया था नक्सली डंप
इससे पहले 29 अगस्त को बीजापुर के पेगड़ापल्ली जंगल क्षेत्र में भी सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की थी। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्ति बोगम लखमू (39) को घेराबंदी कर पकड़ा गया था। पूछताछ में उसने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर डीएकेएमएस सदस्य के रूप में काम करने तथा नक्सलियों की सामग्री और विस्फोटक छिपाने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की थी।
तलाशी में उसके कब्जे से 50,050 रुपये नकद, एक बीजीएल लॉन्चर, 18 बीजीएल सेल, 12 तीर बम, एक हैंड ग्रेनेड, 303 रायफल के 15 जिंदा राउंड, 31 बीजीएल कारतूस, इंसास की एक खाली मैगजीन, बिजली के तार, तीन राउंड चार्जर और एक ईमीटर लीड बरामद किया गया था।




