रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के दौरान नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में होने वाले सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिला प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा और आपातकालीन इंतजामों की समीक्षा की गई।
यह भी पढ़े :- शराब पीने के बाद चार दोस्तों की बिगड़ी तबीयत, पार्षद समेत दो की मौत; दो का इलाज जारी
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की होगी निगरानी
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित बैठक में एयर शो के दौरान दर्शकों और अतिथियों की आवाजाही सुचारु रखने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्ग, ड्रॉप जोन की लेबलिंग, पुलिस सहायता तथा वाहनों की पार्किंग से जुड़े इंतजामों पर चर्चा हुई। अधिकारियों को यातायात प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं पर भी जोर
एयर शो के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा सहायता और अन्य जरूरी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। आयोजन स्थल पर पहुंचने वाले अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने की जरूरत बताई गई।
बिजली से लेकर मोबाइल टॉयलेट तक की व्यवस्था
बैठक में आयोजन स्थल पर जरूरी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। विद्युत आपूर्ति, सॉफ्ट ग्राउंड, रखरखाव, मोबाइल टॉयलेट और कार्यालयीन कार्यों के लिए आवश्यक स्थान की व्यवस्था पर विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा अतिथियों के स्वागत, परिवहन और एयर शो के प्रचार-प्रसार से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
कलेक्टर ने समय पर तैयारी पूरी करने के दिए निर्देश
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियां समय-सीमा में पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात, परिवहन, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही, ताकि आयोजन के दौरान दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में नगर निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिस्वरंजन, भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए), परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्योत्सव 2026 के दौरान होने वाले सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो के मद्देनजर प्रशासन आयोजन स्थल पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में जुटा है।




