दुर्ग। दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर दुर्ग जिले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रायपुर से पहुंची खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर और मिठाई बनाने वाली फैक्ट्रियों में दबिश दी तो कई जगह स्वच्छता व्यवस्था की पोल खुल गई। कहीं एक्सपायरी दूध मिला तो कहीं खुले डस्टबिन, मकड़ी के जाले और गंदगी के बीच पनीर-मिठाइयां तैयार होती मिलीं।
कार्रवाई के दौरान टीम ने अलग-अलग खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए और संदिग्ध सामग्री को नष्ट कराने के निर्देश दिए।
मां दुर्गा डेयरी में मिला एक्सपायरी दूध
खाद्य एवं औषधि सुरक्षा विभाग के छत्तीसगढ़ कमिश्नर दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले भिलाई के छावनी क्षेत्र स्थित मां दुर्गा डेयरी में जांच की। यहां एक्सपायरी दूध मिलने के साथ पनीर निर्माण स्थल पर भी साफ-सफाई की स्थिति खराब पाई गई।
निरीक्षण के दौरान गंदगी के बीच पनीर तैयार किया जा रहा था। अधिकारियों ने दूध और पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। वहीं तैयार पनीर और अन्य संदिग्ध खाद्य सामग्री को नष्ट कराने के निर्देश दिए गए।
लाइसेंस को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं
जांच के दौरान फैक्ट्री संचालक की ओर से दो लाइसेंस प्रस्तुत किए गए, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक उनकी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी। टीम ने संचालक को स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
जांच के दौरान खाद्य सामग्री तैयार करने में पाम ऑयल के इस्तेमाल की बात भी सामने आई। हालांकि संचालक जगमोहन यादव ने कहा कि उनकी फैक्ट्री में दूध, दही और पनीर का उत्पादन होता है और एनालॉग पनीर नहीं बनाया जाता। उन्होंने एक्सपायरी दूध मिलने और सफाई व्यवस्था को लेकर विभाग के निर्देशों को स्वीकार किया।
मुस्कान फूड फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में मिली मिठाई
इसके बाद टीम बैकुंठ धाम स्थित मुस्कान फूड फैक्ट्री पहुंची। यहां भी साफ-सफाई को लेकर लापरवाही सामने आई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में सोनपापड़ी, मैसूर पाक और पेड़ा तैयार रखा गया था।
बताया गया कि दीपावली से पहले इन मिठाइयों को बाजार में भेजने की तैयारी थी। खाद्य विभाग ने मौके से सैंपल लिए और तैयार मिठाइयों को नष्ट कराने के निर्देश दिए।
गुप्ता जी लड्डू फैक्ट्री में डेढ़ क्विंटल लड्डू
इसके बाद टीम ने गुप्ता जी लड्डू फैक्ट्री की भी जांच की। यहां अन्य स्थानों की तुलना में स्थिति बेहतर मिली, लेकिन अधिकारियों ने साफ-सफाई की व्यवस्था को संतोषजनक नहीं माना।
फैक्ट्री में करीब डेढ़ क्विंटल लड्डू तैयार रखे थे। अधिकारियों ने इन्हें भी नष्ट कराने के निर्देश दिए और संचालक को स्वच्छता व्यवस्था तत्काल सुधारने को कहा।
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा पर बड़ा सवाल
एक ही दिन में कई खाद्य निर्माण इकाइयों में सामने आई लापरवाही ने स्थानीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब, जब इन फैक्ट्रियों में रोजाना बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री तैयार होकर बाजार और लोगों के घरों तक पहुंचती है।
सवाल यह भी है कि जिन प्रतिष्ठानों में एक्सपायरी सामग्री और अस्वच्छ वातावरण जैसी स्थिति सामने आई, वहां नियमित जांच और निगरानी कितनी प्रभावी थी। दीपावली से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने उपभोक्ताओं को भी सतर्क कर दिया है कि बाजार से मिठाई और पनीर खरीदते समय गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
फिलहाल खाद्य विभाग ने सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय होगी।




