महासमुंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में राजस्थान के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 27.590 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख 79 हजार 500 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर की रात एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि कुछ युवक पीठ्ठू बैग में गांजा लेकर पैदल ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने सिंघोड़ा पुलिस के साथ मिलकर एनएच-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी की।
बैग की तलाशी में मिला गांजा
संदिग्धों के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने उन्हें रोककर उनके पीठ्ठू बैग की तलाशी ली। जांच के दौरान चारों बैग से कुल 27.590 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने गांजा और मोबाइल फोन जब्त कर चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के कंधमाल जिले के फूलबानी से गांजा लेकर गुजरात के अहमदाबाद जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)ii(C) के तहत अपराध दर्ज किया है। चारों को विधिवत गिरफ्तार कर सिंघोड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की विवेचना की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणछोड़ पटेल (28), प्रवीण कुमार पटेल (24), संजय सिंह (25) और नारायण वाराडी (46) के रूप में हुई है। सभी आरोपी राजस्थान के सिरोही जिले के पिनवाड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।




