कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में करीब 70 करोड़ रुपये की निवेश धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी के नाम पर करीब 500 लोगों से निवेश कराने का आरोप है। निवेशकों को 5 प्रतिशत मासिक ब्याज और डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर रकम जमा कराई गई। मामले में अंतागढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े :- पत्नी से अवैध संबंध के शक में युवक पर चापड़ से हमला, सिर पर किए तीन वार
कई जिलों के लोगों से कराया निवेश
पुलिस के अनुसार, महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज के संचालकों ने कांकेर के अलावा दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर समेत कई जिलों के लोगों से निवेश कराया। पीड़ितों में सरकारी कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्गों के लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
आरोप है कि निवेश के लिए लोगों को विभिन्न बैंकों से लोन लेने के लिए भी प्रेरित किया गया। इसके बाद लोन की रकम कंपनी में जमा कराई गई। शुरुआत में आरोपियों ने कुछ किश्तों का भुगतान कर निवेशकों का भरोसा जीता, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया और करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर और एसडीओपी संतोष सिंह के मार्गदर्शन में मामले की जांच शुरू हुई।
अंतागढ़ पुलिस और साइबर सेल कांकेर ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दयाशंकर साहू (45) को बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र से और नितिन निर्मलकर (26) को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच
पुलिस ने अंतागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 420, 120(बी), 112 और 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों, कंपनी के आर्थिक लेन-देन और निवेशकों से जुटाई गई रकम के संबंध में जांच कर रही है।
पुलिस ने निवेशकों से सावधानी बरतने की अपील की
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कम समय में रकम दोगुनी करने, अधिक मुनाफे या असामान्य ब्याज का लालच देने वाली निवेश योजनाओं से सावधान रहें। किसी भी कंपनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिकता और विश्वसनीयता की जांच करने की सलाह दी गई है।
आर्थिक अपराध से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 94791-55125 पर दी जा सकती है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।




