रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीछे से पहुंचकर युवक के सिर पर धारदार हथियार से लगातार तीन वार किए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़े – पुष्पा की तर्ज पर नदी के रास्ते सागौन तस्करी, तीन आरोपी गिरफ्तार
गुढ़ियारी पुलिस के मुताबिक घटना 5 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। रानी वर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह घर के सामने चल रहे जन्माष्टमी कार्यक्रम को देख रही थीं। इसी दौरान उनके जेठ उमेन्द्र सिंह वर्मा घर के बाहर खड़ी बाइक को अंदर करने के लिए निकले।
पीछे से पहुंचकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान विकास नगर निवासी सेवाराम साहू वहां पहुंचा और उमेन्द्र सिंह पर पीछे से चापड़ से हमला कर दिया। आरोपी ने उनके सिर के पीछे तीन बार वार किए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार्यक्रम में करीब 40 लोग मौजूद बताए जा रहे हैं।
हमले में उमेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पत्नी से संबंध होने का था शक
घटना की सूचना मिलने के बाद गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर सेवाराम साहू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसे शक था कि उमेन्द्र सिंह वर्मा के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। इसी शक के चलते उसने उमेन्द्र पर हमला किया।
चापड़ बरामद, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चापड़ बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




