सूरजपुर। जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह दोनों के शव कल्याणपुर के कोटबहरा जंगल में एक ही पेड़ पर फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
यह भी पढ़े :- दिल्ली में बढ़ रहे H1N1 के मामले, सरकार अलर्ट; स्वास्थ्य मंत्री ने बुलाई हाईलेवल बैठक
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मंगलवार सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने जंगल में पेड़ पर दोनों को लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही लटोरी चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों के शव एक ही पेड़ पर एक ही दुपट्टे के सहारे लटके मिले। हालांकि, दोनों की मौत के पीछे क्या वजह रही, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस आसपास के लोगों और दोनों के परिजनों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दोनों की मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।




