Delhi Swine Flu Cases: दिल्ली में स्वाइन फ्लू (H1N1) के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। इस साल राजधानी में इन्फ्लुएंजा-ए के 2,300 से अधिक मामले सामने आए हैं। इनमें शुक्रवार तक H1N1 के 1,777 से अधिक मामले शामिल बताए गए हैं। वहीं, गुरुवार को ही 114 नए H1N1 मरीज सामने आने की जानकारी है।
यह भी पढ़े :- रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, खोवा और रबड़ी के सैंपल जांच के लिए भेजे
मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। बैठक में राजधानी में संक्रमण की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ रोकथाम और नियंत्रण के उपायों पर चर्चा की जा रही है। (Delhi Swine Flu Cases)
अस्पतालों में व्यवस्थाओं पर सरकार की नजर
दिल्ली सरकार के मुताबिक, अस्पतालों में पर्याप्त बेड, डॉक्टर, दवाएं और जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं। 35 अस्पतालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार आगे के कदम उठाए जा रहे हैं।
सरकार ने लोगों से स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने, खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकने, नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने और आवश्यकता पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
इन्फ्लुएंजा-A के करीब 2,392 मामले
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में इन्फ्लुएंजा-A के कुल मामले करीब 2,392 हैं, जबकि इन्फ्लुएंजा-A और B के कुल मामले लगभग 2,602 बताए गए हैं। इनमें H1N1 के मामलों की संख्या 1,777 से अधिक है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, H1N1 के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों की तैयारियों और मरीजों की स्थिति पर निगरानी रख रहा है।
54 फीसदी घरों में किसी न किसी को फ्लू जैसे लक्षण
इस बीच दिल्ली-एनसीआर में किए गए एक सर्वे में फ्लू और वायरल फीवर के बढ़ते मामलों की तस्वीर सामने आई है। सर्वे के मुताबिक, 54 फीसदी घरों में कम से कम एक व्यक्ति को बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहने या शरीर में दर्द जैसे लक्षण हैं।
सर्वे में 23 फीसदी लोगों ने बताया कि उनके घर में चार या उससे अधिक सदस्य ऐसे लक्षणों से परेशान हैं। लोकलसर्किल्स के सर्वे में दिल्ली-एनसीआर के लोगों से 32,000 से अधिक प्रतिक्रियाएं मिलीं। कुल 32,643 लोगों ने अपने घर में फ्लू या वायरल बुखार जैसे लक्षणों से प्रभावित सदस्यों की जानकारी साझा की।
सर्वे के अनुसार, 46 फीसदी लोगों ने बताया कि उनके घर में किसी को भी ऐसे लक्षण नहीं हैं। वहीं, 15 फीसदी घरों में एक व्यक्ति, 16 फीसदी में दो से तीन लोग और 23 फीसदी घरों में चार या उससे अधिक लोग ऐसे लक्षणों से पीड़ित बताए गए।
H1N1, कोविड और डेंगू के लक्षणों में समानता
विशेषज्ञों के मुताबिक, H1N1, कोविड-19, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और सामान्य वायरल फीवर के कई लक्षण एक जैसे हो सकते हैं। इनमें बुखार, खांसी, गले में दर्द, सिरदर्द, ठंड लगना और कमजोरी जैसे लक्षण शामिल हैं।
ऐसे में लगातार या गंभीर लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। दिल्ली सरकार ने लोगों से सावधानी बरतने और संक्रमण से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। (Delhi Swine Flu Cases)




