तखतपुर। ग्राम पंचायत समडील में शनिवार को दर्दनाक हादसे में घोंघा नदी के तेज बहाव में बहे तीन मासूम बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर घर लौटते समय तीनों बच्चे अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए थे। घटना के बाद पुलिस, ग्रामीणों और एसडीआरएफ की टीम ने घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। लगातार रेस्क्यू के बाद तीनों बच्चों के शव बरामद किए गए।
यह भी पढ़े :- दुर्ग में H1N1 की दस्तक, 2 साल 11 माह की बच्ची संक्रमित
जानकारी के अनुसार, ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल शनिवार को स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि नदी में पानी कम था और बच्चे नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे तीनों बच्चे बह गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बच्चों की तलाश शुरू कर दी। बाद में एसडीआरएफ की टीम को रेस्क्यू अभियान में लगाया गया।
SDRF ने घंटों चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
एसडीआरएफ की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। रेस्क्यू के दौरान सबसे पहले 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल का शव नदी में पुल के नीचे से बरामद किया गया। इसके बाद 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल का शव एनीकट के पास मिला। सर्च ऑपरेशन जारी रहने के दौरान 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल का शव भी बरामद कर लिया गया।
तीनों बच्चों के शव मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया। हादसे की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर गहरा दुख है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तखतपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और नदी में अचानक तेज बहाव आने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।




