रायपुर। नवा रायपुर स्थित ब्लू वाटर खदान में लगातार हो रही घटनाओं और मौतों को लेकर सरकार अब सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ब्लू वाटर खदान को प्रतिबंधित किया जाएगा। साथ ही खदान के चारों ओर फेंसिंग कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने की तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़े :- बलौदाबाजार में फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर मामला: भाजपा के दो पदाधिकारी समेत 4 के खिलाफ FIR, दोनों नेता पार्टी से निष्कासित
मंत्री टंक राम वर्मा ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि ब्लू वाटर खदान में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बाहर से आई विशेषज्ञ टीम लगातार काम कर रही है। टीम की मदद से खदान को सुरक्षित करने और भविष्य में होने वाले हादसों को रोकने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य खदान क्षेत्र में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना है।
वहीं, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में हुए प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर मंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार की मंशा एक साफ-सुथरी और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
छत्तीसगढ़ के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के युवाओं से संवाद के विषय पर टंक राम वर्मा ने कहा कि युवा शक्ति को सही दिशा देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को युवाओं की समस्याएं और उनकी बातें ध्यान से सुननी चाहिए। युवाओं की बात सुने बिना उनकी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है।
वहीं, रायपुर एम्स के दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र में स्थानीय सांसद, विधायक और महापौर का नाम शामिल नहीं होने के सवाल पर उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम के संबंध में पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी या आधिकारिक कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करते समय प्रोटोकॉल का ध्यान रखा जाता है।




