भिलाई नगर। दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) का पहला पुष्ट मामला सामने आया है। दुर्ग-भिलाई क्षेत्र की 2 साल 11 माह की बच्ची की आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बच्ची का एक निजी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- कथित धर्मांतरण को लेकर बवाल, थाना परिसर में देर रात तक दो पक्षों का प्रदर्शन
सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज ने बताया कि बच्ची को दो दिन पहले तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षणों के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वाइन फ्लू की आशंका को देखते हुए बच्ची का आरटी-पीसीआर टेस्ट कराया गया। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसमें H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई।
परिवार के सदस्यों के भी लिए गए सैंपल
बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए हैं। विभागीय टीम बच्ची के घर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। परिवार के अन्य सदस्यों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके अलावा बच्ची के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि संक्रमण के संभावित प्रसार को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके।
पांच साल से कम उम्र के बच्चों को अधिक खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार छोटे बच्चों में फ्लू का संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। स्वाइन फ्लू संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या उसके निकट संपर्क में आने से फैल सकता है। इसके प्रमुख लक्षणों में अचानक तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर और सिर में दर्द, कमजोरी तथा सांस लेने में परेशानी शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि इन लक्षणों को सामान्य मौसमी बीमारी समझकर इलाज में देरी न करें। खासकर बच्चों में लगातार बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। जिले में पहला पुष्ट मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।




