कांकेर। जिले में शिक्षकों ने अपनी दो प्रमुख मांगों को लेकर शनिवार को एक दिवसीय हड़ताल कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र फेडरेशन के बैनर तले भानुप्रतापपुर में आयोजित आंदोलन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। शिक्षकों की हड़ताल का असर कई स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था पर भी देखने को मिला।
आंदोलनरत शिक्षकों की मुख्य मांग पदोन्नति प्रक्रिया में वरिष्ठता को प्राथमिक आधार बनाने की है। फेडरेशन का कहना है कि वर्तमान में टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों को योग्यता के आधार पर पदोन्नति में प्राथमिकता दिए जाने को लेकर शिक्षकों में नाराजगी है।
संगठन का तर्क है कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों की वरिष्ठता को पदोन्नति के दौरान प्राथमिकता मिलनी चाहिए। फेडरेशन ने सरकार से पदोन्नति प्रक्रिया में वरिष्ठता को महत्व देने की मांग की है।
शिक्षकों की दूसरी प्रमुख मांग उनके लिए अलग से टीईटी परीक्षा आयोजित करने की है। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि सरकार को शिक्षकों की इस समस्या पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द निर्णय लेना चाहिए।
हड़ताल के दौरान शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और सरकार से शीघ्र सकारात्मक पहल की मांग की। फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि दोनों मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।




