रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में B.Sc. कृषि द्वितीय वर्ष के ‘एंटोमोलॉजी’ (कीटशास्त्र) विषय का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। तेलीबांधा पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी प्रोफेसर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में दर्दनाक हादसा: बालकनी में कपड़े निकालते समय करंट की चपेट में आई मां, बचाने दौड़ा बेटा; दोनों की मौत
2 घंटे पहले ई-मेल और WhatsApp पर वायरल हुआ था पेपर
20 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक विश्वविद्यालय से संबद्ध 28 कृषि महाविद्यालयों में B.Sc. कृषि द्वितीय वर्ष (द्वितीय सेमेस्टर) के विषय AGCH-221 (कीटशास्त्र) की परीक्षा आयोजित होनी थी। हालांकि, परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले (सुबह 8:41 बजे) कवर्धा कृषि महाविद्यालय के ई-मेल पर प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिली। इसके साथ ही छात्रों ने WhatsApp पर वायरल कंटेंट के जरिए विश्वविद्यालय प्रशासन को सतर्क किया। सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र की पुष्टि होने के बाद, स्नातक परीक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. एन.आर. रंगारे की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज किया गया।
ऐसे खुला राज: लिफाफे में छेद कर बनाया वीडियो
जांच के दौरान पुलिस ने दुर्ग निवासी अनुज मिंज को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिससे मुख्य आरोपी योगेश सोनकेसरिया का नाम सामने आया। योगेश वर्ष 2019 से भारती एग्रीकल्चर कॉलेज (दुर्ग) में प्रोफेसर है। 17 अगस्त को वह जोरा स्थित कृषि महाविद्यालय (रायपुर) से आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त कर कॉलेज ले गया था, लेकिन 20 अगस्त के पेपर का लिफाफा वह अपने घर ले गया। आरोपी ने सुई और नुकीले उपकरण की मदद से लिफाफे में छोटा छेद कर मोबाइल कैमरे से प्रश्नपत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली और सामग्री की नकल तैयार की।
11 हजार रुपये में बेचा गया प्रश्नपत्र
प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया ने यह लीक सामग्री अपने कॉलेज के छात्र अजय नायक को ₹11,000 में बेची। इसके बाद अजय नायक के माध्यम से यह पेपर त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू तक पहुंचा और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
6 आरोपी गिरफ्तार, 2 अभी भी फरार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से ₹11,000 नकद, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल, सुई, फेविकोल और अन्य सामग्री जब्त की है। मामले में शामिल 2 अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- योगेश सोनकेसरिया (38 वर्ष) – निवासी सिवनी (म.प्र.) [मुख्य आरोपी – प्रोफेसर]
- अजय नायक (20 वर्ष) – निवासी बलौदाबाजार
- त्रिदेव पटेल (22 वर्ष) – निवासी महासमुंद
- नितिन पाण्डेय (22 वर्ष) – निवासी बस्तर
- अनुज मिंज (22 वर्ष) – निवासी जशपुर
- आदित्य साहू (20 वर्ष) – निवासी बालोद
परीक्षा निरस्त, सितंबर में दोबारा होगी
प्रदेश के 27 कृषि महाविद्यालयों के लगभग 1,200 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होने वाले थे। परीक्षा की पवित्रता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने 20 अगस्त की परीक्षा को निरस्त कर दिया है। अब यह परीक्षा सितंबर के प्रथम सप्ताह में पुनः आयोजित की जाएगी।




