रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित छत्तीसगढ़ नगर में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां करंट लगने से मां और बेटे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।
यह भी पढ़े :- माता-पिता की हत्या कर जंगल में छिपा था बेटा, 5 दिन बाद पुलिस ने दबोचा
मिली जानकारी के अनुसार, धरसींवा क्षेत्र के कूंरा गांव निवासी 54 वर्षीय कल्याणी यादव अपने 23 वर्षीय बेटे मधुसूदन यादव के साथ रायपुर में किराए के मकान में रह रही अपनी बेटी से मिलने आई थीं। बेटी शहर में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।
कैसे हुआ हादसा?
शुक्रवार को कल्याणी यादव मकान की बालकनी में सूख रहे कपड़े निकालने गई थीं। कपड़ों को सुखाने के लिए बालकनी की रेलिंग और विंडो कूलर के बीच एक जीआई (GI) पाइप बांधा गया था। जैसे ही कल्याणी ने कपड़े उतारने के लिए जीआई पाइप को छुआ, वह उसमें प्रवाहित हो रहे हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आ गईं और पाइप से चिपक गईं।
मां को तड़पता देख पास ही मौजूद बेटा मधुसूदन तुरंत उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। लेकिन बिना किसी सुरक्षा उपाय के मां को छुड़ाने के प्रयास में वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
कूलर से पाइप में उतरा करंट
घटना की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि विंडो कूलर में अचानक आए इलेक्ट्रिकल फॉल्ट की वजह से विद्युत प्रवाह जीआई पाइप तक फैल गया था।
पुलिस जांच जारी
हादसे की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दोनों शवों का पंचनामा तैयार किया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि कूलर में करंट किस तकनीकी खराबी की वजह से उतरा।




