बलरामपुर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पिकअप और ट्रक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के चलते हुआ।
यह भी पढ़े :- बेमेतरा में दर्दनाक हादसा: स्कूल बस ने 3 साल के मासूम को कुचला, मौके पर मौत
जानकारी के मुताबिक, नरोला गांव के 10 मजदूर पिकअप में सवार होकर टमाटर की खेती के काम के लिए शंकरगढ़ जा रहे थे। रात करीब 2 बजे सेवारी के पास मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप और ट्रक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार तीन मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सात अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सभी 7 मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है।




