रायपुर। कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में दो मिनट तक ‘वंदे मातरम्’ गाने के प्रस्ताव को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है और CWC में पारित प्रस्ताव इसी सोच को दर्शाता है।
यह भी पढ़े :- डिंडौरी पंचायत में सरपंच के खिलाफ पंचों का मोर्चा, अविश्वास प्रस्ताव की सूचना; भ्रष्टाचार के लगाए गंभीर आरोप
अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस मुस्लिम लीग के रास्ते पर चल रही है और पार्टी की नीतियां तुष्टिकरण की राजनीति से प्रभावित हैं। उन्होंने CWC के प्रस्ताव को देश के साथ धोखा बताया।
अधिकारियों से दुर्व्यवहार पर भी साधा निशाना
अभनपुर में कांग्रेस नेता द्वारा अधिकारी से कथित गाली-गलौज के वायरल वीडियो पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में कानून अपने हाथ में लेना गंभीर नैतिक अपराध है। उन्होंने अधिकारियों से दुर्व्यवहार को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए ऐसे मामलों में कार्रवाई की जरूरत बताई।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में अधिकारियों पर दबाव बनाकर काम कराने की स्थिति रही होगी और इसी तरह की कथित धमकियों के कारण उनके कई साथी जेल में हैं।
‘कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है’
कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए साव ने कहा कि पार्टी आज मुद्दाविहीन हो गई है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की भाषा और कार्यशैली के स्तर पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि यदि यही स्थिति बनी रही तो कांग्रेस अपना अस्तित्व बचाने में भी सफल नहीं होगी।
‘भाजपा में कोई कुर्सी की लड़ाई नहीं’
सोशल मीडिया पर कांग्रेस के ‘कुर्सी दंगल’ से जुड़े पोस्ट को लेकर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व और कुर्सी को लेकर लड़ाई सार्वजनिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा में ऐसी स्थिति नहीं है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भाजपा के नेता हैं।
साव ने कहा कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है और पार्टी के भीतर किसी तरह की कुर्सी की लड़ाई नहीं है।
शराब घोटाले में ED की कार्रवाई पर बोले साव
कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के करीबियों के ठिकानों पर ED की कार्रवाई को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय शराब घोटाले की जांच कर रहा है और यह कार्रवाई जांच प्रक्रिया का हिस्सा है।




