रायपुर। माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर लेक में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे करीब 24 वर्षीय युवक आदिल खान गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। युवक की तलाश के लिए पुलिस और SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
यह भी पढ़े :- अरुण साव का कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘वंदे मातरम्’ प्रस्ताव देश के साथ धोखा, तुष्टिकरण की राजनीति का प्रमाण
बताया जा रहा है कि मौदहापारा निवासी आदिल खान, पिता नासिर खान, बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने गया था। इसी दौरान दोस्तों के बीच झील में तैरकर एक किनारे से दूसरे किनारे तक जाने की बात को लेकर शर्त लग गई। आदिल और उसका दोस्त तौफीक पानी में उतर गए।
घटना से जुड़े सामने आए वीडियो में दोनों युवकों को पानी में तैरते हुए देखा जा सकता है। झील के बीच पहुंचने के बाद आदिल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। वहीं तौफीक किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया।
अंधेरा होने पर रोका गया सर्च ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। युवक की तलाश के लिए SDRF को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन ब्लू वाटर की अधिक गहराई और रात होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह एक बार फिर युवक की तलाश शुरू की गई।
ब्लू वाटर में लगातार हादसों पर प्रशासन गंभीर
ब्लू वाटर लेक में युवाओं के डूबने की घटनाओं को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का जीवन महत्वपूर्ण है और प्रशासन इस घटना को गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में ब्लू वाटर में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए प्रशासन आवश्यक कदम उठाएगा।




