अमलेश्वर (दुर्ग): जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक शिक्षिका को निशाना बनाते हुए पिस्टल दिखाकर उनका पर्स लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़े :- रक्षाबंधन पर चंद्र ग्रहण का साया, जानिए भारत में सूतक काल मान्य होगा या नहीं
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, योगिता राज पुरोहित जामगांव (एम) स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में व्याख्याता (टीचर) के पद पर कार्यरत हैं। वे स्कूल की छुट्टी के बाद अपने साथियों के साथ ई-रिक्शा से भिलाई-3 स्थित अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बंटग और अमेरी गांव के बीच बाइक सवार दो युवकों ने पाटन का रास्ता पूछने के बहाने ई-रिक्शा रुकवा लिया।
विरोध करने पर तानी पिस्टल
बातचीत के दौरान एक आरोपी ने ई-रिक्शा चालक से बेवजह गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जब शिक्षिका योगिता ने इसका विरोध किया, तो दूसरे आरोपी ने तुरंत पिस्टल निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उनका पर्स छीन लिया।
नकदी, मोबाइल और दस्तावेज पार
लुटेरे शिक्षिका के पर्स से करीब ₹6,000 नकद, एक मोबाइल फोन और बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर चंपत हो गए। वारदात के बाद पीड़िता ने अमलेश्वर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आ गई है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल) के आधार पर आरोपियों की पहचान व तलाश में जुटी हुई है।



