बिलासपुर। शहर में ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर करीब दो लाख रुपये के सोने के जेवर ठग लिए। आरोपियों ने पहले बस स्टैंड का रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की, फिर सुरक्षा का डर दिखाकर जेवर सुरक्षित रखने का झांसा दिया और कागज की पोटली थमाकर मौके से फरार हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू चौक के पास की है।
यह भी पढ़े :- CGPSC SI रिजल्ट पर सियासी संग्राम, कांग्रेस ने उठाए सवाल; भाजपा ने कहा- सिर्फ तकनीकी विसंगति
पुलिस के अनुसार, सिंधी कॉलोनी निवासी विद्या मोटवानी सब्जी खरीदने के लिए बृहस्पति बाजार जा रही थीं। इसी दौरान नेहरू चौक के पास ऑटो में सवार दो युवकों ने उनसे बस स्टैंड का रास्ता पूछा। बातचीत के बीच कुछ ही देर में एक तीसरा युवक भी वहां पहुंच गया। तीनों ने मिलकर महिला को बातचीत में उलझाया और ऑटो में बैठा लिया।
आरोपियों ने महिला से कहा कि खुले में सोने के जेवर पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है और कभी भी लूट या चोरी की घटना हो सकती है। इसके बाद उन्होंने जेवर कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने की सलाह दी। उनकी बातों पर भरोसा कर महिला ने अपने सोने के जेवर उन्हें सौंप दिए।
शातिरों ने जेवर को कपड़े में बांधने का दिखावा किया और कुछ दूर जाने के बाद जेवर की जगह कागज की एक पोटली महिला को थमा दी। इसके बाद महिला को ऑटो से उतारकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
कुछ देर बाद जब महिला ने पोटली खोली तो उसमें जेवर नहीं थे। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने तत्काल सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।



