बीजापुर। जिले के कुटरू बफर क्षेत्र में बुधवार को सड़क किनारे तेंदुआ दिखाई देने से इलाके में दहशत फैल गई। कुटरू-मंगापेटा मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने तेंदुए को सड़क किनारे बैठे देखा और उसका वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी।
जानकारी के अनुसार, तेंदुए के दिखाई देने की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को दी। इसके बाद विभाग की टीम ने आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। ग्रामीणों से अनावश्यक रूप से जंगल और सुनसान इलाकों में नहीं जाने की अपील की गई है।
वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही ट्रैप कैमरे लगाकर उसकी लोकेशन पर निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक संदीप बल्गा ने बताया कि तेंदुए के दिखाई देने की सूचना मिलते ही गश्ती दल को मौके पर भेज दिया गया है। गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है और ट्रैप कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। वन विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी वन्यजीव की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की है।



