कांकेर। जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र के मरकाटोला-लारगांव क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक मादा भालू के हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग ने लोगों से जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की है।
भालू को भगाने की कोशिश नाकाम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीणों ने शोर मचाकर भालू को भगाने की कोशिश की, लेकिन मादा भालू बेहद आक्रामक थी। लोगों के अनुसार, वह काफी देर तक मृतकों के शवों के पास बनी रही और उन्हें नोंचती रही, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एक घायल का अस्पताल में इलाज जारी
हमले में गंभीर रूप से घायल एक ग्रामीण को तत्काल इलाज के लिए कांकेर जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पहले भी मिली थी भालू की मौजूदगी की सूचना
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले ही जंगल के आसपास भालू के घूमने की सूचना वन विभाग को दी गई थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया गया था। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि जंगल में एक मृत भालू मिला था और उसके पास एक मादा भालू देखी गई थी। हालांकि, इस संबंध में वन विभाग ने किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, रेस्क्यू की तैयारी
कांकेर वन मंडल के डीएफओ रौनक गोयल ने बताया कि भालू के हमले में अब तक दो लोगों की मौत हुई है और एक घायल का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है और मादा भालू को रेस्क्यू करने की तैयारी की जा रही है।



